Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर गरियाबंद पुलिस का ‘एकता वृक्षारोपण अभियान’, स्कूलों में जागरूकता और पौधरोपण का अनूठा संगम

Follow Us on Our Social Media

गरियाबंद। राष्ट्रीय एकता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गरियाबंद पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल करते हुए ‘एकता वृक्षारोपण अभियान’ चलाया। अभियान के तहत जिले के स्कूलों में विद्यार्थियों के साथ मिलकर पौधरोपण किया गया और उन्हें साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात नियमों तथा नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में थाना गरियाबंद और थाना राजिम पुलिस टीम ने क्रमशः सरस्वती शिशु मंदिर, गरियाबंद तथा शासकीय हाईस्कूल, परसदा जोशी में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए।सरस्वती शिशु मंदिर में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, यातायात नियमों के पालन, पॉक्सो एक्ट और डायल-112 की उपयोगिता के बारे में सरल एवं व्यवहारिक जानकारी दी। छोटे बच्चों को ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के बीच का अंतर समझाते हुए आत्मरक्षा और सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपाय भी बताए गए।कार्यक्रम के दौरान आयोजित ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुलिस की ओर से सम्मानित किया गया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर स्कूल परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

वहीं, शासकीय हाईस्कूल परसदा जोशी में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन गेमिंग की लत, साइबर फ्रॉड और सोशल मीडिया पर होने वाली धोखाधड़ी से बचने के व्यावहारिक उपाय बताए गए। पुलिस ने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन 1930 तथा आपातकालीन सहायता हेतु डायल-112 के महत्व की जानकारी दी।महिला सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विद्यार्थियों और शिक्षकों को अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कर उसकी उपयोगिता और संचालन की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। इसके साथ ही नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया गया।गरियाबंद पुलिस ने सभी प्रतिभागियों से अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़कर सुरक्षा संबंधी अपडेट और जनजागरूकता अभियानों का हिस्सा बनने की अपील भी की।कार्यक्रम के अंत में दोनों स्कूलों के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने गरियाबंद पुलिस की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए इसे सुरक्षा, जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता का प्रभावी अभियान बताया।

Related Articles

Back to top button