Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

प्रदेश में 27 जून से मानसून होगा सक्रिय, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार

Follow Us on Our Social Media

रायपुर। राजधानी रायपुर समेत प्रदेशभर में बीते दो दिनों से उमस और गर्मी से लोग परेशान हैं। हालांकि मौसम विभाग ने राहत की खबर देते हुए 27 जून से पूरे छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई है।

विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश के शेष हिस्सों में भी आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन के साथ वज्रपात तथा हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार कुसमी, बस्तर और बकावंड में 3-3 सेंटीमीटर, जबकि बलरामपुर और गीदम में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम प्रणाली हुई सक्रिय

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी तक पहुंच चुकी है। प्रदेश के बाकी हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है।

इसके अलावा उत्तर राजस्थान से बिहार तक मौसमी द्रोणिका सक्रिय है। वहीं उत्तर-पूर्व एवं पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है।

दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर भी एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने 26 और 27 जून को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना व्यक्त की है।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button