Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल में स्वतंत्रता महोत्सव की धूम, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सैकड़ों झंडों का वितरण

Follow Us on Our Social Media

रायपुर। भटगांव लहर रोड स्थित उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल में स्वतंत्रता दिवस को इस वर्ष विशेष उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति के साथ स्वतंत्रता महोत्सव के रूप में मनाया गया।

आयोजन को लेकर अस्पताल परिसर में चार दिन पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। अस्पताल के विभिन्न विभागों ने अपनी फैकल्टी को तिरंगे की थीम पर आकर्षक ढंग से सजाया, वहीं मेडिकल और पैरामेडिकल टीम भी तिरंगे के रंगों में सजी नजर आई।

अस्पताल प्रबंधन ने स्वतंत्रता दिवस से पहले घोषणा की थी कि जिस विभाग की फैकल्टी को सबसे बेहतर और आकर्षक तरीके से सजाया जाएगा, उसे विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

इसके बाद विभिन्न विभागों के कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी विभागों ने अपनी रचनात्मकता और कल्पनाशीलता का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक सजावट की। इससे पूरा अस्पताल परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

अस्पताल प्रबंधन नम्रता सिंह तथा मेडिकल डायरेक्टर एवं गंभीर पेट रोग विशेषज्ञ डॉ. विनोद सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस मनाने के साथ अस्पताल से जुड़े लोगों में राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा। कर्मचारियों ने अपने परिधानों और विभागीय सजावट में तिरंगे के रंगों को शामिल कर देश के प्रति सम्मान का संदेश दिया।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान में जनभागीदारी

स्वतंत्रता महोत्सव को अस्पताल परिसर तक सीमित न रखते हुए उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल की ओर से आसपास के क्षेत्रों में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सैकड़ों तिरंगे झंडों का निःशुल्क वितरण किया गया।

अस्पताल की इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने तिरंगे प्राप्त कर अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रध्वज फहराने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर डॉ. विनोद सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रध्वज को पूरे सम्मान और गरिमा के साथ अपने घरों पर फहराने की अपील की।

देशभक्ति गीतों से गूंजा अस्पताल परिसर

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अस्पताल परिसर में देशभक्ति गीतों, तिरंगे की आकर्षक सजावट और उत्साहपूर्ण वातावरण ने आयोजन को यादगार बना दिया। मेडिकल, पैरामेडिकल, प्रशासनिक एवं अन्य कर्मचारियों ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभिन्न विभागों के बीच सजावट को लेकर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा भी देखने को मिली।

उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल का यह स्वतंत्रता महोत्सव इस संदेश के साथ संपन्न हुआ कि राष्ट्रभक्ति केवल शब्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, सामाजिक सरोकार और जिम्मेदारी के माध्यम से भी इसे व्यक्त किया जा सकता है।

अस्पताल प्रबंधन की इस पहल ने स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रप्रेम और जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे खास बना दिया।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button