Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़

कांदाडोंगर में 24 अगस्त को भव्य श्रावणी महोत्सव, कांदेश्वर महादेव का होगा विशेष पूजन

Follow Us on Our Social Media

गरियाबंद। कांदाडोंगर स्थित पवित्र कांदेश्वर धाम में 24 अगस्त 2026 को भव्य श्रावणी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। हरिहर वेलफेयर फाउंडेशन, कांदाडोंगर एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन में माँ कुलेश्वरी के दिव्य क्षेत्र में कांदेश्वर महादेव एवं द्वादश ज्योतिर्लिंग का विशेष पूजन-अभिषेक किया जाएगा।

श्रावणी महोत्सव की शुरुआत सुबह 4 बजे कांदेश्वर महादेव के विशेष श्रृंगार एवं आरती के साथ होगी। इसके बाद सुबह 9 बजे भोग आरती एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 12 बजे कांदेश्वर महादेव एवं द्वादश ज्योतिर्लिंग का जलाभिषेक तथा दोपहर 1 बजे 108 नर्मदेश्वर शिवलिंग का अभिषेक किया जाएगा।

दोपहर 3 बजे से भजन एवं रामायण का आयोजन होगा। वहीं शाम 6 बजे भव्य महाआरती आयोजित की जाएगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है।

आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेशकांदेश्वर धाम में इस वर्ष श्रावण माह की शुरुआत से ही धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी विशेष पहल की जा रही है। हरिहर वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा कांदेश्वर धाम पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से एक-एक पौधा रोपित कराया जा रहा है।आयोजकों के अनुसार केवल पौधारोपण तक ही यह पहल सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनकी देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। धाम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

हरिहर वेलफेयर फाउंडेशन एवं कांदेश्वर धाम की ओर से श्रद्धालुओं को संदेश दिया जा रहा है कि भगवान शिव की भक्ति के साथ प्रकृति की सेवा भी हमारी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को “एक श्रद्धालु–एक पौधा” की भावना से पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपीलआयोजकों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से 24 अगस्त को कांदेश्वर धाम, कांदाडोंगर पहुंचकर श्रावणी महोत्सव में शामिल होने की अपील की है। श्रद्धालु भगवान कांदेश्वर महादेव एवं माँ कुलेश्वरी का आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ पर्यावरण संरक्षण की इस पहल में भी सहभागी बन सकते हैं।

Related Articles

Back to top button