Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसामहासमुंद

ओडिशा से रायपुर गांजा ले जा रहे दो नाबालिग पकड़े गए, 1.695 किलो गांजा जब्त

Follow Us on Our Social Media

महासमुंद। कोमाखान पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान गांजा तस्करी के मामले में दो विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। दोनों के कब्जे से करीब 1.695 किलो गांजा, एक एक्सेस स्कूटी और मोबाइल फोन समेत कुल 1 लाख 64 हजार 750 रुपये का सामान जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम गोयनाबाहरा के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक नीले रंग की एक्सेस स्कूटी में दो व्यक्ति ओडिशा से गांजा लेकर कोमाखान-बागबाहरा की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकेबंदी कर संदिग्ध स्कूटी को रोका।

पूछताछ में स्कूटी चालक ने अपनी पहचान रूद्राक्ष डहरिया (17 वर्ष), निवासी सेजबहार, थाना मुजगहन, जिला रायपुर तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने त्रयंक कुमार ध्रुव (17 वर्ष), निवासी सेजबहार, थाना मुजगहन, जिला रायपुर के रूप में बताई।

पुलिस ने नियमानुसार तलाशी की कार्रवाई की। स्कूटी की डिक्की से खाकी रंग के प्लास्टिक टेप में लिपटा और मैरून रंग की झिल्ली में रखा गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर गांजे का वजन 1.695 किलोग्राम पाया गया, जिसकी कीमत करीब 84,750 रुपये बताई गई।

इसके अलावा पुलिस ने एक्सेस स्कूटी क्रमांक CG 04 QJ 3453 कीमत 70 हजार रुपये और रूद्राक्ष डहरिया के कब्जे से VIVO कंपनी का मोबाइल फोन कीमत 10 हजार रुपये भी जब्त किया। जब्त सामान की कुल कीमत 1,64,750 रुपये बताई गई है।

पूछताछ में दोनों ने गांजा ओडिशा के खरियार रोड से सेजबहार रायपुर ले जाने की बात बताई। गांजा रखने और परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की। दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दी गई। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button