संदूक का ताला तोड़कर 18 हजार रुपये चोरी, अज्ञात चोर के खिलाफ शिकायत

गरियाबंद । ग्राम पक्तियां में घर के अंदर रखे संदूक का ताला तोड़कर 18 हजार रुपये नकद चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से कर अज्ञात चोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, वह खेती-किसानी और मजदूरी का काम करता है। खेती के काम में मदद के लिए उसने करीब 15 दिन पहले अपने साले धर्मेन्द्र साहू को घर बुलाया था, जो उसके साथ रहकर खेती के काम में हाथ बंटा रहा था।
17 अगस्त 2026 की रात खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। पीड़ित का साला धर्मेन्द्र घर की परछी में सोया था। अगले दिन सुबह करीब 6 बजे पीड़ित और उसकी पत्नी यामिनी बाई साहू खेत में काम करने चले गए। शाम करीब 4 बजे दोनों वापस घर लौटे।
घर पहुंचने के बाद पीड़ित ने अपनी पत्नी से खाद खरीदने के लिए सेठ से उधार लेकर लाए गए पैसे देने को कहा। पत्नी ने कमरे में जाकर देखा तो संदूक का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखी रकम गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी रुपये नहीं मिले।
पीड़ित के मुताबिक, घटना के समय उसका साला धर्मेन्द्र साहू भी घर में मौजूद नहीं था। फोन पर उससे घटना के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन उसने पैसों के बारे में जानकारी होने से इनकार किया।
पीड़ित ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर संदूक का ताला तोड़ा और उसमें रखे 18 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।



