Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसामहासमुंद

10 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

बसना। थाना बसना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम पिरदा के पास से एक व्यक्ति को 10 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 2,000 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को थाना बसना पुलिस टीम टाउन पेट्रोलिंग पर रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बसना-बिलाईगढ़ मार्ग पर ग्राम पिरदा के पास वृन्दावन दास (45 वर्ष), निवासी बरनाईदादर, थाना सांकरा अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री के लिए रखकर ग्राहक की तलाश कर रहा है।

सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पीले रंग के प्लास्टिक झोले के अंदर रखी 10 लीटर क्षमता वाली सफेद प्लास्टिक जरीकेन में 10 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद हुई।

पुलिस ने शराब के संबंध में वैध दस्तावेज और लाइसेंस मांगा, लेकिन आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद शराब को गवाहों के समक्ष जब्त कर सीलबंद किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक मामला अजमानतीय होने के कारण गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को दी गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम के साथ गवाहों के रूप में योगेश सेन और संजय सेन भी मौजूद रहे।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Back to top button