Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

लगातार दो साल देश में नंबर-1 रिकवरी, 28 हजार किसानों को सस्ती शक्कर : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

Follow Us on Our Social Media

रायपुर, 13 सितंबर 2026। कवर्धा के भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना ने लगातार दो वर्षों तक देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी हासिल कर अपनी अलग पहचान बनाई है।

इस उपलब्धि के बीच उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को करीब 28 हजार शेयरधारी गन्ना किसानों के लिए 30 रुपए प्रति किलो की रियायती दर पर 50 किलो शक्कर वितरण की शुरुआत की। किसानों को यह सुविधा लगातार तीसरे वर्ष मिल रही है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भोरमदेव कारखाना किसानों का अपना संस्थान है और इसकी मजबूती उनकी सहभागिता से ही संभव है। वर्ष 2024-25 और 2025-26 में देश की सर्वोच्च शुगर रिकवरी हासिल करने पर कारखाने को नेशनल को-ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन, नई दिल्ली की ओर से एफिशिएंसी अवार्ड मिला है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय गुणवत्तापूर्ण गन्ने, किसानों की मेहनत, प्रबंधन की कार्यक्षमता और सहकारिता की भावना को दिया।

4 लाख टन पेराई का लक्ष्य

शर्मा ने बताया कि पिछले वर्ष कारखाने में 2.55 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई हुई थी। आगामी सत्र में इसे बढ़ाकर 4 लाख मीट्रिक टन करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही 10 हजार किसानों से गन्ना अनुबंध कराने की योजना है। उन्होंने उत्पादकों से अधिक संख्या में अनुबंध कर कारखाने को पर्याप्त गन्ना उपलब्ध कराने की अपील की।

इस वर्ष 4,686 नए किसानों को शेयरधारी बनाया गया है। इसके बाद कुल सदस्य संख्या लगभग 28 हजार हो गई है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारी व्यवस्था का लाभ सभी सदस्यों तक पहुंचता है। उन्होंने किसानों को कारखाने से जुड़कर इसकी गतिविधियों को मजबूत करने का आग्रह करते हुए समर्थन मूल्य बोनस बढ़ाने का आश्वासन भी दिया।

किसानों की सुविधा के लिए बनेगा डोम

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कारखाना परिसर में किसानों की सुविधा के लिए डोम निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उत्पादन के साथ कृषकों के लिए जरूरी सुविधाओं का विस्तार भी सरकार की प्राथमिकता है।

कवर्धा की मेहनत ने बढ़ाया प्रदेश का मान

वर्चुअल रूप से जुड़े कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कवर्धा के गन्ना उत्पादकों की मेहनत ने छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। तीजा और गणेश चतुर्थी जैसे पर्वों के बीच रियायती दर पर शक्कर मिलने से परिवारों की खुशियों में मिठास बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि बेहतर गन्ना उत्पादन और उच्च रिकवरी किसानों के परिश्रम का परिणाम है। सरकार का प्रयास है कि उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं मिलें, खेती का रकबा और उत्पादन बढ़े तथा बोनस का लाभ भी अधिक मिले।

कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू सहित जनप्रतिनिधि, कारखाना प्रबंधन और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button