नशे के नेटवर्क की जड़ तक पहुंचे पुलिस, कार्रवाई को मिशन बनाएं : विजय शर्मा

रायपुर, 13 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस अब केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि तस्करी के पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई करेगी।
उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने राजनांदगांव रेंज स्तरीय एनडीपीएस कार्यशाला में पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान को रूटीन कार्रवाई नहीं, बल्कि मिशन के रूप में चलाया जाए।
कवर्धा के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित कार्यशाला का उद्देश्य एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों की विवेचना को अधिक प्रभावी बनाना और न्यायालय में दोषसिद्धि की संभावना मजबूत करना था। इसमें राजनांदगांव रेंज के पुलिस अधिकारी एवं विवेचना अधिकारी शामिल हुए।
गिरफ्तारी से आगे पूरे नेटवर्क पर नजर
विजय शर्मा ने कहा कि नशीले पदार्थों के निर्माण, बिक्री, परिवहन, भंडारण और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क को तोड़ना जरूरी है। किसी आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कार्रवाई वहीं समाप्त नहीं होनी चाहिए। उसके संपर्क, लोकेशन, आवागमन, सप्लाई के स्रोत और गंतव्य की गहन पड़ताल कर तस्करी की पूरी कड़ी तक पहुंचना होगा।
उन्होंने कहा कि न्यायालय में सजा साक्ष्यों के आधार पर तय होती है। इसलिए विवेचना अधिकारियों को वैज्ञानिक, तकनीकी और दस्तावेजी प्रमाणों का बेहतर उपयोग करना चाहिए। गवाह उपलब्ध नहीं होने जैसी परिस्थितियों में भी दूसरे साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
तकनीक से तस्करों तक पहुंचेगी पुलिस
कार्यशाला में पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने प्रभावी विवेचना, साक्ष्य संकलन और दोषसिद्धि से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान नशीले पदार्थ के स्रोत और सप्लाई चैन की जानकारी जुटाई जाए। लोकेशन तथा संपर्कों की तस्दीक कर नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने की कार्रवाई की जाए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां नशीले पदार्थों से संबंधित गतिविधियों या अवशेषों की जानकारी मिले, वहां तत्काल तस्दीक कराई जाए। जरूरत के अनुसार सीसीटीवी और आधुनिक तकनीकी साधनों का उपयोग करते हुए सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए।
गांजा तस्करी के स्रोतों पर विशेष नजर
शर्मा ने बताया कि गांजा तस्करी के कई मामलों में दूसरे राज्यों से जुड़े स्रोत सामने आए हैं। सरकार आधुनिक तकनीक और जमीनी स्तर की पुलिसिंग के जरिए अवैध खेती तथा तस्करी के स्रोतों की पहचान पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं और आने वाली पीढ़ी को नशे से बचाना केवल कानून-व्यवस्था नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा है।
उन्होंने पुलिस जवानों से अपने-अपने क्षेत्रों को नशे के अवैध कारोबार से मुक्त कराने के लिए ठोस परिणाम देने का आह्वान किया।
उत्कृष्ट पुलिसकर्मी हुए सम्मानित
कार्यशाला के अंत में एनडीपीएस मामलों में बेहतर विवेचना और आरोपियों को दोषसिद्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उप मुख्यमंत्री ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।



