Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसाछत्तीसगढ़
Trending

अपेक्स बैंक की बरमकेला शाखा में 18.13 करोड़ का गबन, 8 कर्मचारी बर्खास्त

Follow Us on Our Social Media

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) की बरमकेला शाखा में 18.13 करोड़ रुपये के बड़े गबन का मामला सामने आया है। बैंक की आंतरिक जांच में खुलासा हुआ कि अप्रैल 2021 से नवंबर 2024 के बीच समितियों के खातों और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) खातों से अनधिकृत लेन-देन कर करोड़ों रुपये का गबन किया गया।

मामले के उजागर होने के बाद बैंक प्रबंधन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 8 कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। इनमें शाखा प्रबंधक डीआर वाघमारे, लेखाधिकारी मीनाक्षी मांझी और लिपिक आशीष कुमार पटेल सहित पांच आउटसोर्सिंग कर्मचारी शामिल हैं। सभी के खिलाफ 4 मई 2025 को थाना बरमकेला में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है।

बैंक के प्राधिकृत अधिकारी केदार नाथ गुप्ता ने बताया कि विशेष ऑडिट और उच्च स्तरीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। साथ ही गबन की राशि की वसूली नियमानुसार की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच के लिए आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) से भी सैद्धांतिक सहमति प्राप्त हो चुकी है।

बैंक प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में ऐसी अनियमितताओं को रोकने के लिए ई-केसीसी पोर्टल के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा बैंकिंग निरीक्षण और ऑडिट व्यवस्था को भी और अधिक मजबूत किया जा रहा है।

इस बीच, सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने 1451 समिति प्रबंधक पदों की भर्ती को सैद्धांतिक मंजूरी दी है, वहीं 515 नई पैक्स समितियों के गठन की प्रक्रिया भी जारी है। बैंक के अनुसार वर्ष 2025-26 में उसका शुद्ध लाभ बढ़कर 40.86 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button