Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाएं : मुख्यमंत्री साय

Follow Us on Our Social Media

रायपुर, 14 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जनभागीदारी का उत्सव बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा छत्तीसगढ़ की संस्कृति और संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है। हर नागरिक अपने गांव, शहर और आसपास के क्षेत्रों में सेवा कार्यों से जुड़कर अधिक से अधिक लोगों को अभियान का हिस्सा बनाए। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के प्रति दायित्व निभाने का यह महत्वपूर्ण अवसर है।

17 सितंबर की शाम जलाएं ‘आशीर्वाद का दीया’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री ने विशेष अपील करते हुए कहा कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे हर परिवार अपने घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाए। साथ ही आसपास के लाभार्थी परिवारों को भी इस पहल से जोड़ने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री के अनुसार, यह दीपक प्रधानमंत्री के स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की शुभकामनाओं के साथ सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनेगा।

सेवा से विकसित छत्तीसगढ़ की ओर कदम

साय ने कहा कि गरीब कल्याण और विकास की योजनाओं से लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। पक्का आवास, पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब गांव मजबूत हों, शहर आगे बढ़ें और हर परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अभियान को केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामूहिक सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का आंदोलन बनाएं।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button