पीछे से बाइक ने मारी टक्कर, गंभीर घायल महिला की इलाज के दौरान मौत

सरायपाली। सरायपाली थाना क्षेत्र में जून महीने में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। मर्ग जांच के बाद पुलिस ने हादसे के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे दूसरी मोटरसाइकिल के चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पूर्णमी देवी चौहान (47), निवासी बटाऊपाली, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ 20 जून 2026 को अपने भाई अर्जुन चौहान के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HF 4070 से ग्राम रिमजी से सरायपाली सामान लेने जा रही थीं।
दोनों सरायपाली स्थित आबकारी कार्यालय के सामने पहुंचे थे, तभी पीछे से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GV 5669 के चालक ने कथित तौर पर तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से अर्जुन चौहान और पीछे बैठी पूर्णमी देवी सड़क पर गिर गए। अर्जुन को चोट नहीं आई, लेकिन पूर्णमी देवी के सिर में गंभीर चोट लगी। उन्हें तत्काल सीएचसी सरायपाली ले जाया गया। वहां से रेफर किए जाने के बाद रामअवतार अस्पताल सरायपाली और फिर बेहतर उपचार के लिए डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रायपुर ले जाया गया।
इलाज के दौरान 24 जून 2026 को पूर्णमी देवी की मौत हो गई। इसके बाद मामले में मर्ग कायम कर जांच की गई। पुलिस ने मृतिका के परिजनों, पंचों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर उसकी मृत्यु सड़क दुर्घटना में आई गंभीर चोटों के कारण होना पाया।
मर्ग जांच में दूसरी मोटरसाइकिल के चालक की तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने की बात सामने आने पर उसके खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



