तोषगांव से महिला लापता, परिजनों ने पुलिस से लगाई तलाश की गुहार

बसना। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम तोषगांव से 32 वर्षीय महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। महिला 23 सितंबर की सुबह घर से तालाब में नहाने जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों और रिश्तेदारों के स्तर पर काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम तोषगांव निवासी राजेश राणा ने 24 सितंबर को थाना बसना पहुंचकर अपनी पत्नी बिलासीनी राणा के लापता होने की सूचना दी।
बताया गया कि बिलासीनी 23 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे तालाब में नहाने जाने की बात कहकर घर से निकली थी। काफी समय बाद भी वापस नहीं आने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
इस हुलिए की है लापता महिला
पुलिस के अनुसार बिलासीनी राणा की लंबाई करीब 5 फीट 1 इंच है। उसका चेहरा गोल, बाल काले और शरीर सामान्य है। महिला का रंग सांवला बताया गया है। लापता होने के समय उसने कत्था रंग की साड़ी पहन रखी थी। उसके कानों में बाली, गले में मंगलसूत्र और नाक में सोने की फुली थी। वह कक्षा 12वीं तक पढ़ी है तथा हिंदी और उड़िया भाषा बोलती है।
महिला के लापता होने की सूचना मिलने के बाद बसना पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 107/2026 कायम कर जांच और तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी एवं संबंधित पुलिस टीम के साथ डीसीबी शाखा महासमुंद को भी सूचना भेजी गई है। पुलिस महिला के संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने बताया कि महिला के लापता होने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



