नवरंगपुर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार KIA कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
CCTV फुटेज के आधार पर कार चालक पर FIR दर्ज

महासमुंद/सरायपाली। सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम नवरंगपुर में बुधवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 45 वर्षीय कैलाश साहू की दर्दनाक मौत हो गई।
पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाने के बाद सड़क पार करते समय सारंगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कैलाश साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल डायल 108 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कैलाश साहू पिता मथुरा साहू ग्राम केंवटापाली, थाना बसना, जिला महासमुंद के निवासी थे। वे 18 नवंबर 2026 को ग्राम अचानकपाली स्थित स्कूल से अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 CF 0292 से घर लौट रहे थे। शाम करीब 4:15 बजे ग्राम नवरंगपुर स्थित सिंघल फ्यूल्स से पेट्रोल भरवाने के बाद वे सड़क पार कर रहे थे।
इसी दौरान सारंगढ़ की ओर से आ रही KIA कार क्रमांक CG 04 QP 1854 के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैलाश साहू के सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायल कैलाश को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की रिपोर्ट मृतक के साढ़ू भाई पिंकू साहू (43 वर्ष), निवासी सागर स्टेट सरायपाली ने थाने में दर्ज कराई।
CCTV फुटेज और गवाहों के आधार पर जांच
मामले में सरायपाली पुलिस ने मर्ग क्रमांक 84/2026 कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और सिंघल फ्यूल्स में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार चालक की तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से दुर्घटना होना पाया गया।
पुलिस ने कार चालक के विरुद्ध धारा 106(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।



