Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

‘आंगन मिलन’ समारोह में पहुंचे मंत्री टंक राम वर्मा और गजेंद्र यादव गर्भवती माताओं की गोदभराई कर बांटे पोषण किट

Follow Us on Our Social Media

रायपुर, 4 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत सारंगढ़ के झारियापारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव शामिल हुए। दोनों मंत्रियों ने आंगनबाड़ी के बच्चों और माताओं के साथ समय बिताया तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की गतिविधियों का जायजा लिया।

गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, बांटी पोषण किट

समारोह के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म निभाई गई। मंत्रियों ने स्वयं इस रस्म में शामिल होकर गर्भवती महिलाओं को शुभकामनाएं दीं और उन्हें पोषण किट भेंट की। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान महिला के स्वास्थ्य का ध्यान रखना और बच्चे के जन्म के बाद उसके उचित पोषण की व्यवस्था करना पूरे परिवार की जिम्मेदारी है।

बच्चों से की पढ़ाई और खेल-कूद पर बातचीत

कार्यक्रम में मौजूद नन्हे बच्चों के साथ मंत्रियों ने सहजता से बातचीत की। बच्चों से उनकी पढ़ाई, खेल-कूद और आंगनबाड़ी में होने वाली दैनिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने भी उत्साह के साथ अतिथियों का स्वागत किया।

इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य सामग्री और पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। मंत्रियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर खाद्य पदार्थों के पोषण मूल्य की जानकारी ली।

समुदाय से जुड़ाव पर जोर

‘आंगन मिलन सेवा समारोह’ का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों और स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर जुड़ाव स्थापित करने के साथ महिलाओं को संतुलित आहार, गर्भावस्था के दौरान देखभाल और बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में पोषण की भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत अध्यक्ष, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, परियोजना अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, हितग्राही महिलाएं और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button