बसना : जरूरतमंदों के लिए आगे आए मोक्ष कुमार प्रधान, रक्तदान कर दिया मानवता का संदेश

बसना। आशीर्वाद सेवा समिति द्वारा आयोजित रक्तदान कार्यक्रम में जिला पंचायत महासमुंद क्षेत्र क्रमांक 12 के सदस्य एवं पूर्व सचिव जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद मोक्ष कुमार प्रधान रक्तदाता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रक्तदान कर समाजहित और मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि रक्तदान केवल रक्त देने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने की एक नेक पहल है। किसी गंभीर मरीज के लिए समय पर मिला रक्त जीवन की नई उम्मीद बन सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने रक्तदान को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि नियमित रक्तदान से जरूरत के समय मरीजों को आसानी से रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से भी इस मानवीय कार्य से जुड़ने और समाज में रक्तदान के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंचाने की अपील की।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि मानव सेवा से बड़ा कोई कार्य नहीं है। रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में सहभागी बनकर आत्मिक संतुष्टि मिलती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आगे आएं और अपने रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में योगदान दें।



