
धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डूमरपाली में आकाशीय बिजली गिरने से 40 पशुओं की मौत हो गई। यह हादसा तेज गरज-चमक और बारिश के दौरान हुआ। मृत पशुओं में 39 भेड़ें और एक बकरा शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बारिश से बचने के लिए पशु एक स्थान पर खड़े थे, तभी अचानक बिजली गिरने से सभी पशु उसकी चपेट में आ गए। हादसे में पशुपालक को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया।
इधर, मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।



