
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण हाई लेवल बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में हुई इस बैठक में राज्य मंत्रिमंडल के सभी मंत्री शामिल हुए। साथ ही सत्ता और संगठन से जुड़े कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने की।
हालांकि बैठक के आधिकारिक एजेंडे को लेकर सरकार की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन अचानक बुलाई गई इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सरकार और संगठन के बीच समन्वय को मजबूत करने, प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करने और आगामी रणनीतियों पर चर्चा के लिए यह बैठक आयोजित की गई है।
बैठक को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की है। राजनीतिक हलकों में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव किया जा सकता है। हालांकि इस संबंध में अभी तक किसी भी स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल, विकास योजनाओं की प्रगति, प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा तथा आगामी नीतिगत निर्णयों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। इसके अलावा संगठनात्मक मजबूती और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल बैठक जारी है और सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में सभी की निगाहें बैठक समाप्त होने के बाद जारी होने वाली जानकारी पर टिकी हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह की उच्च स्तरीय बैठकों के बाद अक्सर बड़े प्रशासनिक या राजनीतिक फैसले सामने आते हैं। ऐसे में यह बैठक सामान्य समीक्षा तक सीमित रहेगी या किसी बड़े निर्णय की भूमिका बनेगी, यह आने वाले समय में स्पष्ट हो सकेगा।



