40 साल की सेवा के बाद भारद्वाज सर की यादगार विदाई उमड़ा जनसैलाब

जंगल धवलपुर/गरियाबंद।
पूर्व माध्यमिक शाला जंगल धवलपुर में एक भावुक और गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक श्री भारद्वाज सर को उनके 40 वर्षों की उत्कृष्ट शैक्षणिक सेवा के लिए सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। कार्यक्रम में शिक्षा, समाज और गांव के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए सभी ने भावभीनी शब्दों में उन्हें सम्मान दिया।
समारोह में गांव के प्रथम नागरिक सरपंच श्री दिनेश ठाकुर, जनपद सदस्य श्रीमति राधा बाई नागेश, सहित विद्यालय के शिक्षकगण—तुलाराम यादव सर, शांडिल्य सर, पूर्णिमा राजपूत मैडम, मीनाक्षी सेन मैडम, महेश्वर सर, सिन्हा सर, यादव सर, साहू सर—उपस्थित रहे। इसके अलावा तुलेश, हेमंत, गौतम, भुवन और गांव के बड़ी संख्या में नागरिकों ने कार्यक्रम में भाग लेकर इसे यादगार बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और स्वागत गीत से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारद्वाज सर के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि भारद्वाज सर ने न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और समाज के उत्थान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
गांव के वरिष्ठजनों और अतिथियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उनकी सादगी, अनुशासन और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा रहेगा। जनपद सदस्य श्रीमती राधा बाई नागेश ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे शिक्षक समाज की अमूल्य धरोहर होते हैं, जिनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में भारद्वाज सर को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान भावुक क्षण भी देखने को मिले, जब शिक्षक और विद्यार्थी अपने प्रिय गुरु को विदाई देते समय भावुक हो उठे।
विदाई समारोह के बाद पूरे गांव में एक अनूठा दृश्य देखने को मिला, जब भारद्वाज सर को बाजे-गाजे के साथ सम्मानपूर्वक उनके घर तक छोड़ा गया। इस दौरान गांव के लोग उनके साथ चलते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान प्रकट करते नजर आए।
यह समारोह न केवल एक शिक्षक की विदाई का अवसर था, बल्कि यह उनके चार दशकों की सेवा, समर्पण और समाज के प्रति योगदान का उत्सव भी बन गया।


