मैनपुर में नई SDM हितेश्वरी बाघे ने संभाला पदभार, पहली बैठक में दिए सख्त निर्देश

तरुण नागेश मैनपुर/गरियाबंद.
गरियाबंद। जिले के मैनपुर अनुविभाग में नव पदस्थ एसडीएम सुश्री हितेश्वरी बाघे ने आज औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से तहसीलदार, आरआई, पटवारी सहित राजस्व अमले की महत्वपूर्ण बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर गरियाबंद द्वारा 06 अप्रैल 2026 को प्रशासकीय सुविधा के दृष्टिगत सुश्री बाघे को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ मैनपुर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
बैठक के दौरान एसडीएम बाघे ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र बनवाने आने वाले नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इस पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि “क्षेत्र की जनता को त्वरित और निष्पक्ष न्याय दिलाना मेरी पहली प्राथमिकता है।” साथ ही यह भी आश्वस्त किया कि कार्यालय में आने वाली हर शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
एसडीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और आम जनता को राजस्व कार्यों के लिए भटकने से बचाने पर विशेष जोर दिया।
नई एसडीएम के सक्रिय रुख और सख्त निर्देशों से मैनपुर क्षेत्र के नागरिकों में बेहतर प्रशासन और समय पर समस्याओं के समाधान की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

