छत्तीसगढ़
Trending

NH-49 पर दर्दनाक हादसा: हाईवा की टक्कर से युवक की मौत, 27 दिन पहले हुई थी शादी

जांजगीर-चांपा। जिले में एनएच-49 स्थित पीसौद चौक के पास रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को टक्कर मार दी और युवक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

मृतक की पहचान कनाई निवासी जयराम कश्यप (22) के रूप में हुई है। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद हाईवा वाहन को जब्त कर लिया गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा काफी तेज गति में था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक वाहन के नीचे फंसकर काफी दूर तक घसीटता चला गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने यातायात नियंत्रित कर स्थिति सामान्य कराई।

परिजनों ने बताया कि जयराम की शादी महज 27 दिन पहले हुई थी। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ बदल दिया। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य ग्राम नवापारा में एक छठी कार्यक्रम में गए हुए थे। पिता को यह भी पता नहीं था कि बेटा बाइक लेकर कहां गया है। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया।

स्थानीय लोगों ने एनएच-49 पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button