
भुवनेश्वर। ओडिशा में निजी बस सेवाओं के बंद होने का खतरा मंडराने लगा है। ‘ऑल ओडिशा प्राइवेट बस ओनर्स एसोसिएशन’ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर राज्य सरकार को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है।
मांगें पूरी नहीं होने पर संघ ने पूरे राज्य में अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।
शनिवार को आयोजित कार्यकारी समिति की बैठक में सभी जिलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और आंदोलन का निर्णय लिया। संघ के महासचिव देवेंद्र नाथ साहू ने कहा कि सरकार यदि तय समय सीमा में कोई ठोस कदम नहीं उठाती है, तो निजी बस सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी जाएंगी।
बस मालिकों का कहना है कि संचालन और रखरखाव की लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे वर्तमान परिस्थितियों में बसों का संचालन कठिन हो गया है।
संघ ने बस किराए के पुनर्गठन और वार्षिक रखरखाव शुल्क में वृद्धि की मांग की है। इन मांगों को लेकर सरकार को जल्द ही औपचारिक ज्ञापन सौंपा जाएगा।
गौरतलब है कि ओडिशा की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था काफी हद तक निजी बसों पर निर्भर है। ऐसे में हड़ताल होने पर हजारों यात्रियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

