गरियाबंद में अवैध DAP खाद परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 280 बोरा खाद से भरा मेटाडोर जब्त

गरियाबंद। जिले में अवैध खाद परिवहन और कालाबाजारी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवभोग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान 280 बोरा डीएपी (DAP) खाद से भरे एक मेटाडोर वाहन को पकड़कर जब्त किया है। जब्त खाद की अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, देवभोग थाना क्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान संदिग्ध मेटाडोर वाहन को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में डीएपी खाद लोड पाया गया। आवश्यक दस्तावेजों की जांच और पूछताछ के बाद खाद के अवैध परिवहन का मामला सामने आया।
पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि वह 8 हजार रुपये किराए पर उरमाल क्षेत्र के एक लाइसेंसी व्यापारी के कहने पर खाद का परिवहन कर रहा था। यह खाद ओडिशा के सीनापाली से जांगड़ा ले जाई जा रही थी, जहां इसे एक मक्का कारोबारी को सौंपा जाना था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 280 बोरा डीएपी खाद और मेटाडोर वाहन को जब्त कर लिया। मामले में आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए जब्त खाद को कृषि विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और युद्ध के प्रभाव के कारण रासायनिक खाद के उत्पादन और आपूर्ति पर असर पड़ा है। सरकारी स्तर पर खाद की उपलब्धता घटने के बीच कुछ व्यापारी अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से नियमों को दरकिनार कर खाद की कालाबाजारी में संलिप्त बताए जा रहे हैं। प्रशासन अब ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी रख रहा है।
पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त कार्रवाई को किसानों के हितों की रक्षा और खाद की कालाबाजारी रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


