छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश, तेज गरज-चमक और वज्रपात को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा हुई। वर्तमान में मानसूनी गतिविधियां सामान्य बनी हुई हैं।

पूर्वानुमान के मुताबिक 5, 6 और 7 अगस्त तक प्रदेशभर में आंशिक से पूर्ण रूप से बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं 8 अगस्त के बाद बारिश की तीव्रता और इसका दायरा धीरे-धीरे कम होने लगेगा। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि 10 और 11 अगस्त के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। साथ ही, अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, गरज-चमक के समय खुले स्थानों से दूर रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button