
बसना ,रूपानंद साव। ग्राम बंसुला डीपा में भगवान श्री जगन्नाथ की भक्ति और सावन की धार्मिक आस्था का भव्य संगम 8 एवं 9 अगस्त को देखने को मिलेगा।
बंसुला डीपा रथयात्रा समिति के तत्वावधान में नौवें वर्ष दो दिवसीय श्री जगन्नाथ झूलन रथयात्रा एवं सावन झूला महोत्सव मेला का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
रथयात्रा समिति के अनुसार 8 अगस्त (शनिवार) और 9 अगस्त (रविवार) को प्रतिदिन दोपहर 2 बजे भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी।
श्रद्धालु पूरे श्रद्धाभाव से रथ खींचकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। रथयात्रा के साथ धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विशाल मेले का भी आयोजन होगा।
आयोजन स्थल रुद्रा खेल मैदान, बंसुला डीपा (आईटीआई प्रशिक्षण केंद्र के सामने) निर्धारित किया गया है। यह स्थल बसना मुख्यालय से दक्षिण-पश्चिम दिशा में लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर पक्की सड़क किनारे स्थित है। यहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
समिति ने बताया कि 8 अगस्त को सुप्रसिद्ध संचार बाहकों द्वारा भक्तिमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जबकि 9 अगस्त को ओडिशा एवं आसपास के क्षेत्रों से आमंत्रित प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भव्य कीर्तन की प्रस्तुति होगी। दोनों दिनों तक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से परिवार सहित आयोजन में शामिल होने की अपील की है। समिति का कहना है कि भगवान श्री जगन्नाथ के रथ को खींचने का सौभाग्य प्राप्त करने के साथ श्रद्धालु सावन झूला महोत्सव एवं मेले का आनंद लें तथा धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाएं। समिति ने आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण होने का दावा किया है।



