
बसना। ग्राम बिटांगीपाली में पुरानी बात को लेकर 16 वर्षीय किशोर के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां के अनुसार, उनका बेटा जितेश साव (16) किराना दुकान से सामान लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान प्राथमिक शाला बिटांगीपाली के पास आर्यन साव व उसके साथियों ने उसे रोक लिया।
बताया गया कि आरोपियों ने पुरानी बात को लेकर जितेश के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद हाथ-मुक्का, डंडे और हाथ में पहने कड़े से उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में जितेश के सिर, चेहरे और दाहिने पैर में चोटें आई हैं।
घटना के दौरान सुधीर पांडे और जगदीश सहिस के मौके पर मौजूद होकर घटना देखने-सुनने की बात पीड़ित पक्ष ने कही है। मामले में पीड़ित की मां ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।



