
सरायपाली। रायपुर से रायगढ़ जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बोडेसरा नाला के पास अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक देवेन्द्र साव (27), निवासी मल्दा, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार उसके साथी अशोक कुमार को भी चोटें आई हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना 8 अगस्त 2026 की है। देवेन्द्र साव अपने साथी अशोक कुमार के साथ स्कॉर्पियो क्रमांक JH 02 BV 6028 से रायपुर से रायगढ़ जा रहा था। बोडेसरा नाला के पास वाहन चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाया, जिससे स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी। दुर्घटना में देवेन्द्र और अशोक कुमार घायल हो गए।
दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरायपाली पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद देवेन्द्र साव को 9 अगस्त 2026 की रात 1:10 बजे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर थाना सरायपाली में मर्ग क्रमांक 54/2026 दर्ज कर मामले की जांच की गई।
मर्ग जांच में वाहन चालक द्वारा तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से दुर्घटना होना पाए जाने पर पुलिस ने धारा 281, 125(ए) और 106(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


