अपराध / हादसाछत्तीसगढ़
Trending

धमतरी जाने का रास्ता पूछकर बुजुर्ग महिला के गले से सोने की माला झपटी, कार सवार फरार

भखारा। धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में सुबह टहलने निकली 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला से झपटमारी का मामला सामने आया है। अज्ञात कार सवार तीन लोगों ने धमतरी जाने का रास्ता पूछने के बहाने महिला के गले से सोने के लॉकेट और गेहूं दाने से बनी माला झपट ली और कार से भखारा की ओर फरार हो गए। घटना में करीब 35 हजार रुपये कीमत के सोने के आभूषण ले जाने की बात सामने आई है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, ग्राम गुजरा निवासी बिन्दा बाई साहु (65 वर्ष) रोज की तरह 17 अगस्त 2026 की सुबह करीब 5:30 बजे टहलने के लिए घर से निकली थीं।

करीब 5:45 बजे वह केशरू ढाबा के पास पहुंचीं। इसी दौरान भखारा की ओर से सफेद रंग की एक कार वहां पहुंची, जिसमें तीन अज्ञात व्यक्ति सवार थे।

कार से दो लोग नीचे उतरे, जबकि तीसरे व्यक्ति ने कार को वापस भखारा की ओर मोड़कर आगे खड़ा कर दिया। दोनों आरोपियों ने बुजुर्ग महिला से धमतरी जाने का रास्ता पूछा।

महिला जैसे ही रास्ता बताने लगी, उसी दौरान आरोपियों ने उनके गले में पहनी काले मोतियों में गुथी सोने की माला को झपट लिया।

माला में 7 नग सोने की पत्ती (लॉकेट) और 10 नग सोने के गेहूं दाने लगे हुए थे। महिला के अनुसार, आभूषणों का कुल वजन करीब 9 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये है। झपटमारी के बाद आरोपी कार में बैठकर भखारा की ओर फरार हो गए।

रोते हुए मिली बुजुर्ग महिला

घटना के बाद बुजुर्ग महिला केशरू ढाबा के पास बैठकर रो रही थीं। करीब 6 बजे केशरू साहु ने उनके परिजन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद महिला के बेटे पारथ साहु मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली।

पारथ साहु ने भखारा थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों की पतासाजी कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सफेद कार और आरोपियों की पहचान के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

Related Articles

Back to top button