छत्तीसगढ़

सोनमणि बोरा ने संभाला प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का कार्यभार

रायपुर। भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी सोनमणि बोरा (भा.प्र.से.-1999) ने छत्तीसगढ़ शासन के प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 18 अगस्त 2026 को जारी आदेश के तहत उन्हें इस पद पर पदस्थ किया गया है।

श्री बोरा इससे पहले प्रमुख सचिव, आदिम जाति विकास विभाग, अनुसूचित जाति विकास विभाग तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसके साथ ही वे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त प्रभार का दायित्व भी निभा रहे हैं।

अधिकारियों से ली विभागीय योजनाओं की जानकारी

कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्री बोरा ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभाग की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और विकास कार्यों की जानकारी ली।

इस दौरान विभाग के संचालक रिमिजियुस एक्का, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, उप सचिव भागवत जायसवाल, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, मुख्य अभियंता राजेश शर्मा, संयुक्त संचालक मिथिलेश अवस्थी, उप संचालक अरुण साहू, सूडा के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरि तथा अधीक्षण अभियंता रमेश सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और विभागीय गतिविधियों से अवगत कराया।

रायपुर के नगरीय विकास में निभा चुके हैं महत्वपूर्ण भूमिका

श्री सोनमणि बोरा का राज्य गठन के बाद रायपुर के विकास और राजधानी के रूप में उसके विस्तार में महत्वपूर्ण प्रशासनिक योगदान रहा है। वे रायपुर नगर पालिक निगम, रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) और बिलासपुर विकास प्राधिकरण (BDA) में आयुक्त एवं सीईओ के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।

अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव के दौरान उन्होंने रायपुर, बिलासपुर, कवर्धा, जांजगीर-चांपा और मुंगेली सहित कई जिलों के विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उनके कार्यकाल में सफाई मित्र योजना, बूढ़ातालाब सहित अन्य तालाबों के संवर्धन, विकास एवं पुनरोद्धार तथा रायपुर के महादेव घाट में मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित स्थान पर कार्य शुरू कराने जैसे कार्य किए गए। नगरीय क्षेत्रों के विद्यालयों का कायाकल्प भी कराया गया।

इसके अलावा रायपुर नगर निगम में जन्म एवं मृत्यु पंजीयन को ऑनलाइन करने, लेखा संबंधी कार्यों को मैनुअल प्रणाली से सॉफ्टवेयर आधारित व्यवस्था में बदलने तथा संचालन-संधारण (O&M) कार्यों को प्रिवेंटिव कार्यों के रूप में शामिल कराने जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी उनकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहे हैं।

जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग प्रदेश के नगरीय निकायों के माध्यम से नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और शहरी विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के संचालन एवं क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यभार संभालने के बाद श्री बोरा ने अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि जनता से जुड़े विभागीय कार्यक्रमों और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उनके कार्यभार ग्रहण करने से नगरीय विकास योजनाओं के बेहतर समन्वय और प्रभावी क्रियान्वयन को गति मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button