
सिंघोड़ा/महासमुंद। जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे गलत दिशा में खड़े ट्रक से बाइक टकराने का मामला सामने आया है। हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक आदित्य चेलक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने ट्रक क्रमांक CG07CN1140 के चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को रायपुर निवासी टीकाराम चेलक का पुत्र आदित्य चेलक अपने दोस्त जयेश रात्रे के साथ बुलेट क्रमांक CG04QW6695 से रायपुर से संबलपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान करीब सुबह 11 बजे सागरपाली और सिंघोड़ा के बीच एनएच-53 पर पंडा मकान के सामने सड़क किनारे ट्रक क्रमांक CG07CN1140 खड़ा था।
आरोप है कि ट्रक चालक ट्रक का पंचर बना रहा था और वाहन सड़क की गलत दिशा में खड़ा था। ट्रक का जेक रॉड बाहर निकला हुआ था तथा वाहन पर किसी प्रकार का संकेतक चिन्ह नहीं लगाया गया था। इसी दौरान बाइक ट्रक से टकरा गई और दोनों सवार सड़क पर गिर गए।
हादसे में आदित्य चेलक के दाहिने पैर में घुटने के पास फ्रैक्चर हो गया, जबकि बाएं पैर के पंजे में भी चोट आई। घायल को तत्काल नवजीवन अस्पताल चिवराकुटा में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उसे रायपुर रेफर किया, जहां SRS अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
घटना के संबंध में आदित्य के पिता टीकाराम चेलक ने 22 अगस्त 2026 को सिंघोड़ा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।




