महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सिंघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 33.780 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में कर्नाटक निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत 16 लाख 89 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को सउनि नीलाम्बर सिंह नेताम हमराह स्टाफ के साथ ग्राम चिवराकुटा की ओर जुर्म-जरायम पतासाजी के लिए निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्रे रंग की टोयटा इटियोस कार क्रमांक MH02CW9924 में गांजा लेकर एक व्यक्ति ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा है।

सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने NH-53 मार्ग पर रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए की कार पहुंची, जिसे पुलिस ने रोककर तलाशी ली। कार में सवार व्यक्ति ने अपना नाम महेश रेड्डी (36 वर्ष), निवासी डी मिर्जापुर, थाना बिदर, जिला बिदर, कर्नाटक बताया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कार की पिछली डिक्की में प्लास्टिक बोरी के अंदर 33 पैकेट गांजा होना बताया। तलाशी के दौरान गांजा बरामद होने पर उसका इलेक्ट्रॉनिक तौल कराया गया, जिसमें कुल वजन 33.780 किलोग्राम पाया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने गांजा बलांगीर, ओडिशा से नागपुर, महाराष्ट्र ले जाने की बात बताई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा टोयटा इटियोस कार कीमत 2.20 लाख रुपये और एक विवो मोबाइल फोन कीमत 10 हजार रुपये भी जब्त किया। इस तरह जब्त संपत्ति की कुल कीमत 19 लाख 19 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने बरामद गांजे की पहचान और परीक्षण की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे सीलबंद कर कब्जे में लिया। कार्रवाई के दौरान तलाशी, बरामदगी और तौल की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी की गई।

आरोपी के खिलाफ धारा 20(B)(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि बरामद गांजा वाणिज्यिक मात्रा की श्रेणी में आने के कारण आरोपी को गिरफ्तार कर उसके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी गई। मामले में आगे की विवेचना जारी है।