
बसना। महासमुंद जिले के भंवरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम तरेकेला में एक युवक को बिजली के पोल से रस्सी से बांधकर मारपीट करने और टंगिया से हमला करने का मामला सामने आया है।
घटना में युवक के सिर में चोट लगने से खून निकलने और शरीर के कई हिस्सों में चोट आने की बात सामने आई है। मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ धारा 109(1), 191(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की सुबह हितलाल निषाद किसी काम से जुनाडीह तरेकेला गया था। करीब 9:30 बजे घर लौटने पर उसने अपनी पत्नी को घर के सामने रोते हुए देखा। पूछताछ करने पर पत्नी ने बताया कि उनके बेटे युधिष्ठिर को विजय शेष, रामलाल शेष, श्यामलाल शेष, योगी उर्फ निलेश शेष और भोजराम शेष ने मिलकर बिजली के पोल से रस्सी से बांध दिया था।
आरोप है कि आरोपियों ने युवक पर टंगिया और हाथ-मुक्के से हमला किया। शिकायतकर्ता के अनुसार विजय शेष ने हाथ में रखी टंगिया से युधिष्ठिर के सिर पर वार किया, जबकि अन्य आरोपियों ने उसे पकड़कर रस्सी से पोल में बांधकर लात-मुक्कों से मारपीट की।
घटना की जानकारी मिलने पर हितलाल ने डायल-112 को सूचना दी। इसके बाद घायल युधिष्ठिर को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल बसना में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद हितलाल ने भंवरपुर चौकी पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान उसकी पत्नी राधाबाई निषाद, बहू पुष्पा निषाद सहित अन्य लोगों ने घटना देखी और सुनी। मारपीट में युधिष्ठिर के सिर में चोट लगी तथा शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में नामजद पांच आरोपियों के खिलाफ अपराध कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना में इस्तेमाल की गई रस्सी को भी शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को सौंपे जाने की बात सामने आई है।





