
महासमुंद। ग्राम अमावश में RDSS योजना के तहत 11 केवी विद्युत लाइन विस्तार कार्य के दौरान विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है।
आरोप है कि शराब के नशे में पहुंचे एक युवक ने साइट इंजीनियर के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, वहीं दूसरे इंजीनियर के साथ भी दुर्व्यवहार करते हुए उसका मोबाइल तोड़ दिया।
शिकायत के अनुसार 3 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 1 बजे योगेंद्र जेंड्रे उर्फ यमराज मौके पर पहुंचा और काम बंद करने को लेकर साइट इंजीनियर अर्जुन वर्मा से विवाद करते हुए गाली-गलौज व मारपीट करने लगा।
बीच-बचाव करने पहुंचे वरिष्ठ साइट इंजीनियर ने अर्जुन वर्मा को वहां से जाने को कहा। इसी दौरान जगत टंडन भी मौके पर पहुंचा और काम बंद करने को लेकर विवाद करने लगा।
आरोप है कि इसी बीच योगेंद्र जेंड्रे ने वरिष्ठ साइट इंजीनियर का Samsung S23 Ultra मोबाइल छीनकर सड़क पर पटक दिया, जिससे मोबाइल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
शिकायतकर्ता ने मोबाइल की कीमत करीब 75 हजार रुपये बताते हुए मारपीट, धमकी और आर्थिक नुकसान की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।





