
बालोद/भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद और कांकेर जिले में शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घटनाओं में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम किनारी से तीन लोग बाइक पर सवार होकर दल्लीराजहरा की ओर जा रहे थे। सीटी ढाबा के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसे में तिलक कमेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रमिता कमेटी और जमुना मंडावी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर 112 की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना सोरर गांव के पास हुई, जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 56 वर्षीय ननकी विश्वकर्मा, निवासी ग्राम लिमोरा, की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि वे करहीभदर से अपने गांव लिमोरा लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। सूचना पर बालोद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।





