बसना, सरायपाली और महासमुंद में बारिश, 50 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं

बसना। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से महासमुंद जिले सहित छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया है। जिले के बसना, सरायपाली, पिथौरा और महासमुंद सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार नया बाराद्वार में सर्वाधिक 3 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं बसना, छुरा, बागबाहरा और मालखरौदा में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
इसके अलावा सरायपाली, पिथौरा, कोमाखान, चंद्रपुर और महासमुंद सहित कई स्थानों पर 1-1 सेंटीमीटर बारिश हुई। मौसम में आए बदलाव से क्षेत्र में ठंडक बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने 21 नवंबर को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। अगले दो दिनों तक भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।



