अड़गड़ी पुल के कच्चे डायवर्सन पर फंसा मक्के से भरा ट्रक, 8 ग्राम पंचायतों का आवागमन पूरी तरह ठप

गोना से आ रहा भारी वाहन गुरुवार शाम 7 बजे धंसा, पिछला चक्का धंसने से आगे का हिस्सा ऊपर उठा
संकरे रास्ते पर ट्रक फंसने से ग्रामीण परेशान, रास्ता खुलवाने के लिए दूसरे वाहन में शिफ्ट किया जा रहा मक्का
मैनपुर। ब्लॉक मुख्यालय मैनपुर से करीब 13 किलोमीटर दूर ग्राम अड़गड़ी में निर्माणाधीन पुल के पास बने कच्चे डायवर्सन मार्ग पर गुरुवार शाम 7 बजे एक मालवाहक ट्रक बुरी तरह फंस गया। ग्राम गोना की ओर से मक्का भरकर आ रहे इस भारी वाहन के फंसने से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है।
जानकारी के अनुसार, अड़गड़ी में पुल निर्माण कार्य के चलते वाहनों की आवाजाही के लिए एक अस्थायी कच्ची सड़क (डायवर्सन) बनाई गई है। गुरुवार शाम मक्के से लदा ट्रक जैसे ही इस कच्चे मार्ग से गुजरा, उसका पिछला चक्का धंस गया। चक्का धंसने से ट्रक का आगे का हिस्सा पूरी तरह से ऊपर उठ गया। रास्ता संकरा होने के कारण सड़क पूरी तरह जाम हो गई और वाहनों की आवाजाही रुक गई।
8 पंचायतों और पारा-टोला का एकमात्र रास्ता
अड़गड़ी में बन रहे पुल वाला यह मार्ग क्षेत्र की करीब 8 ग्राम पंचायतों और आसपास के पारा-टोला के ग्रामीणों के लिए आवागमन का एकमात्र रास्ता है। ट्रक के बीच रास्ते में फंसने से क्षेत्र के लोगों को मैनपुर मुख्यालय या अन्य स्थानों पर जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल, वाहन मालिक द्वारा फंसे हुए ट्रक में लदे मक्के को दूसरे वाहन में शिफ्ट कराया जा रहा है। ट्रक का वजन कम कर उसे जल्द से जल्द बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है, ताकि मार्ग पर आवागमन फिर से सुगमता से शुरू हो सके।



