सरकारी अस्पताल में इंजेक्शन के बाद मजदूर की बिगड़ी हालत, दो साल में दूसरी घटना का दावा

फिंगेश्वर। सरकारी अस्पतालों में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावों के बीच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भक्तिन माता फिंगेश्वर से इलाज में कथित लापरवाही का मामला सामने आया है।
ग्राम परसदा निवासी 48 वर्षीय मनहरण डहरिया ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में इंजेक्शन लगवाने के कुछ दिनों बाद उनकी कमर में असहनीय दर्द शुरू हो गया।
बाद में निजी अस्पताल में जांच कराने पर कमर के पास इंजेक्शन का टूटा हुआ हिस्सा होने की जानकारी मिली। पीड़ित का दावा है कि दो साल के भीतर उनके साथ यह दूसरी ऐसी घटना है। अब गरीब मजदूर परिवार स्वास्थ्य विभाग से बेहतर उपचार और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।
इंजेक्शन लगने के बाद शुरू हुआ दर्द
मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को मनहरण डहरिया अपनी पत्नी की आंखों का उपचार कराने फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे।
इसी दौरान उन्होंने भी हाथ-पैर में दर्द की शिकायत की। चिकित्सक से परामर्श लेने के बाद उन्हें दवाइयां दी गईं और अस्पताल की नर्स ने इंजेक्शन लगाया। आरोप है कि इसके कुछ दिनों बाद उनकी कमर में दर्द शुरू हो गया, जो धीरे-धीरे असहनीय होता चला गया। करीब 10 से 15 दिनों के भीतर स्थिति ऐसी हो गई कि उनके लिए चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया।
निजी अस्पताल में जांच के दौरान टूटा हिस्सा मिलने का दावा
दर्द बढ़ने पर परिजन उन्हें दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे। तबीयत बिगड़ने पर 108 एंबुलेंस की मदद से फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
इसके बाद चिकित्सकीय सलाह पर राजिम के लाइफ केयर अस्पताल में सीटी स्कैन, सोनोग्राफी सहित अन्य जांच कराई गई। मरीज और परिजनों का दावा है कि जांच में कमर के पास इंजेक्शन का टूटा हुआ हिस्सा होने की जानकारी सामने आई।
दो साल में दूसरी बार ऐसी घटना का आरोप
पीड़ित मनहरण डहरिया का कहना है कि वर्ष 2025 में भी महासमुंद और खरोरा के सरकारी अस्पतालों में उपचार के दौरान उनके साथ ऐसी ही घटना हुई थी।
उस समय भी कमर में इंजेक्शन का हिस्सा टूटकर फंसने की बात सामने आई थी, जिसे उपचार के दौरान निकाला गया था। अब फिंगेश्वर में दोबारा ऐसी स्थिति बनने के दावे ने स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गरीब मजदूर परिवार ने स्वास्थ्य विभाग से लगाई गुहार
मनहरण कृषि मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण निजी अस्पतालों में महंगा उपचार कराना उनके परिवार के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। पीड़ित परिवार की मांग है कि स्वास्थ्य विभाग अपने खर्च पर उनका बेहतर उपचार सुनिश्चित करे और मामले की निष्पक्ष जांच कराए। यदि जांच में लापरवाही प्रमाणित होती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
अस्पताल की मशीनों के संचालन पर भी उठे सवाल
इस मामले के साथ फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सोनोग्राफी और एक्स-रे मशीनों के नियमित संचालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में मशीनें उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को इन सुविधाओं का नियमित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
हालांकि, मशीनों की वर्तमान स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में सवाल है कि सरकारी अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का लाभ जरूरतमंद मरीजों को कब और किस तरह मिलेगा?
प्रभारी चिकित्सक बोले- आरोप बेबुनियाद, निष्पक्ष जांच होगी
मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फिंगेश्वर के प्रभारी चिकित्सक विपिन लहरे ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि मनहरण का अस्पताल में उपचार किया गया था और उन्हें इंजेक्शन भी लगाया गया था, लेकिन इंजेक्शन की सुई उनके शरीर में हमारे यहां नहीं टूटी है।
उन्होंने बाहर कहीं इंजेक्शन लगाए जाने के बाद सुई का टुकड़ा कमर के निचले हिस्से में फंसने के आरोप को बेबुनियाद बताया। साथ ही कहा कि उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले में मरीज और अस्पताल प्रबंधन के दावे अलग-अलग हैं। ऐसे में निष्पक्ष चिकित्सकीय जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



