छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में 10 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर, कोंडागांव, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां अधिक प्रभावी रहने की संभावना है।
लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। ग्रामीण व वनांचल क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने लोगों से आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। नदी-नालों और पुल-पुलियों पर पानी बहने की स्थिति में उन्हें पार नहीं करने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।



