खेल इतिहास को नई पहचान: CM साय ने ‘हमारे खिलाड़ी’ पुस्तक का किया विमोचन

रायपुर, 30 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की खेल उपलब्धियों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन किया।
प्रदर्शनी में प्रदेश की खेल विभूतियों के संघर्ष, योगदान और उपलब्धियों को तस्वीरों व रोचक जानकारियों के जरिए दर्शाया गया। इसमें शहीद राजीव पाण्डेय, पंकज विक्रम, कौशल यादव, विनोद चौबे तथा वीर हनुमान सिंह सहित कई हस्तियों की खेल यात्रा को स्थान मिला।
वहीं ‘हमारे खिलाड़ी’ में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों की उपलब्धियां और जीवन परिचय संकलित हैं। मुख्यमंत्री ने इस पहल को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद बृजमोहन अग्रवाल व विजय बघेल सहित जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेलप्रेमी मौजूद रहे।



