“आदिवासी सम्मान से समझौता नहीं” : मैनपुर में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन तेज


मैनपुर। केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah द्वारा आदिवासियों को “वनवासी” कहे जाने के विरोध में मैनपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
आदिवासी कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष दुलेंद्र नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मैनपुर बस स्टैंड में गृह मंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “अमित शाह हाय-हाय”, “अमित शाह मुर्दाबाद” और “भाजपा मुर्दाबाद” जैसे नारों से बस स्टैंड क्षेत्र गूंज उठा।
इस दौरान कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही और पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प जैसी स्थिति देखने को मिली।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आदिवासी समाज देश की संस्कृति और पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्हें “वनवासी” कहना उनकी अस्मिता और सामाजिक पहचान का अपमान है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार आदिवासी समाज की भावनाओं को आहत करने वाले बयान दे रही है।
प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, तनवीर ठाकुर, शाहिद मेमन, प्रियंका कपिल, पारेश्वर नेगी और गेंदू यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की बयानबाजी बंद नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


