छत्तीसगढ़
Trending

वाणी वाचन केंद्र में विशेष बच्चों के समर कैंप का समापन, 70 बच्चों को डॉ. वर्णिका शर्मा ने बांटे प्रशस्ति पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने सप्रे स्कूल प्रांगण स्थित छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए संचालित वाणी वाचन केंद्र (विशेष विद्यालय) में आयोजित समर कैंप के समापन समारोह में शामिल होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

इस दौरान उन्होंने 70 दिव्यांग बच्चों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. शर्मा ने संस्था में संचालित स्पीच थेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, रेमेडियल थेरेपी, मनोचिकित्सा एवं फिजियोथेरेपी से जुड़ी विभिन्न मशीनों, सेंसरी रूम और एडीएचडी सेंटर के निर्माण स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों को दी जा रही विशेष सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की सराहना की।

इस अवसर पर बाल कल्याण परिषद की ओर से डॉ. वर्णिका शर्मा का सम्मान भी किया गया।

डॉ. शर्मा ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के जज्बे और प्रतिभा को नई दिशा देना हम सभी का दायित्व है। जिन क्षेत्रों में बच्चों की विशेष रुचि हो, उन्हें आगे बढ़ाने के लिए परिवार और समाज को सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि 70 दिव्यांग बच्चों को 30 से अधिक शिक्षकों द्वारा प्रशिक्षित किया जाना सराहनीय पहल है। राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित वाणी वाचन बहु प्रशिक्षण पुनर्वास केंद्र में विशेष थेरेपी ले रहे बच्चों से उन्होंने आत्मीय मुलाकात भी की।

डॉ. शर्मा ने कहा कि जैसे भगवान को विशेष कृपा के लिए विशेष पुष्प अर्पित किए जाते हैं, उसी प्रकार ये विशेष बच्चे भी ईश्वर की विशेष रचना हैं। इनके पालन-पोषण और देखभाल के लिए संवेदनशीलता, धैर्य और समर्पण की आवश्यकता होती है।

उन्होंने दिव्यांग बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए कार्य कर रहे बाल कल्याण परिषद के पदाधिकारियों, सदस्यों और थैरेपिस्टों के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. कमल वर्मा, महासचिव चंद्रेश शाह, कोषाध्यक्ष इंदिरा जैन, संयुक्त सचिव राजेंद्र निगम, कार्यकारिणी सदस्य सुनीता चंसोरिया, अधीक्षक पूजा मिसालवार, प्राचार्य विमला यादव सहित सभी थैरेपिस्ट उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button