अपराध / हादसाछत्तीसगढ़

जैतपुरी में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन से धक्का-मुक्की, 166 अतिक्रमणकारियों पर चल रही थी कार्रवाई

गरियाबंद/धमतरी। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र स्थित जैतपुरी गांव में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। घटना के दौरान वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की हुई, जबकि उपनिदेशक (डिप्टी डायरेक्टर) वरुण जैन को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।जानकारी के मुताबिक, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व प्रशासन द्वारा लंबे समय से कोर जोन में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। जांच और ड्रोन सर्वे में सामने आया था कि जैतपुरी क्षेत्र में करीब 106 हेक्टेयर (लगभग 265 एकड़) वनभूमि पर अवैध कब्जा किया गया है और वर्षों में लगभग 1 लाख पेड़ों की कटाई हुई है।

वन विभाग ने इस मामले में 166 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ वन अपराध के तहत प्रकरण दर्ज किए थे। बताया गया कि कार्रवाई और गिरफ्तारी प्रक्रिया के तहत डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन अपनी टीम के साथ सोमवार को जैतपुरी पहुंचे थे। टीम में वन अमला, रेंज अधिकारी, वनरक्षक और सुरक्षा कर्मचारी शामिल थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अधिकारियों के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और कुछ लोगों ने वन विभाग की टीम को घेर लिया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की गई। वीडियो में भी ग्रामीणों और वन अमले के बीच तीखी झड़प दिखाई दे रही है

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया। प्रशासन ने संवेदनशीलता को देखते हुए गांव और आसपास के इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। पुलिस ने मामले में कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में अवैध कब्जे और जंगल कटाई से वन्यजीव संरक्षण पर गंभीर असर पड़ रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि संरक्षित वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि बिना उचित पुनर्वास व्यवस्था के कार्रवाई की जा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी है।

Related Articles

Back to top button