
रायपुर। राजधानी समेत प्रदेश के कई इलाकों में शनिवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ले ली।
तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं अचानक बदले मौसम के कारण कई जगहों पर परेशानी भी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, देर रात शुरू हुई बारिश ने राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों को भिगो दिया।
तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
हालांकि, तापमान में गिरावट आने से लोगों ने राहत महसूस की।
मौसम विभाग ने पहले ही राज्य के कई जिलों—बलरामपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार और बालोद—में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया था।
विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले पांच दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



