तिरुवल्लूर गैस रिसाव हादसा: मृतक ओड़िया श्रमिकों के परिजनों को 10 लाख रुपये देगी ओडिशा सरकार

भुवनेश्वर। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में अमोनिया गैस रिसाव हादसे में बढ़ती मौतों के बीच ओडिशा सरकार ने मृतक ओड़िया श्रमिकों के परिजनों के लिए अनुग्रह राशि बढ़ाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने प्रत्येक मृतक श्रमिक के परिवार को अब 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
इससे पहले मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से 4 लाख रुपये की सहायता राशि निर्धारित की गई थी, लेकिन हादसे की गंभीरता और मृतकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार ने इसे बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया है। मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि 21 जून को तमिलनाडु के तिरुवल्लूर स्थित एक सीफूड प्रोसेसिंग यूनिट में अमोनिया गैस का रिसाव हो गया था। इस हादसे में कई श्रमिक गंभीर रूप से प्रभावित हुए, जिनमें ओडिशा के प्रवासी मजदूर भी शामिल थे। मंगलवार को केंझर जिले की रहने वाली जामुनी जुआंग की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद इस हादसे में जान गंवाने वाले ओड़िया श्रमिकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।
प्रशासन के अनुसार, सभी मृतक और प्रभावित श्रमिक ओडिशा के केंझर जिले के निवासी हैं। राज्य सरकार तमिलनाडु प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और घायलों के उपचार व प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए समन्वय कर रही है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि तमिलनाडु में रह रहे ओड़िया प्रवासी श्रमिकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके। सरकार ने कहा है कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को हर प्रकार का सहयोग दिया जाएगा।



