बलौदाबाजार में तेज रफ्तार का कहर, व्यस्त मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत

बलौदाबाजार। जिले में तेज रफ्तार का खतरा अब केवल आउटर क्षेत्रों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि शहर के बीचों-बीच भी लगातार हादसे सामने आ रहे हैं। सोमवार दोपहर करीब 1.30 बजे नगर पालिका कार्यालय के सामने, शहर के सबसे व्यस्त और आवाजाही वाले मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक बाइक सवार युवक टक्कर के बाद सड़क पर दूर जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक तेज गति में थीं। संतुलन बिगड़ने के कारण चालक एक-दूसरे से टकरा गए। दुर्घटना में आशुतोष गुप्ता, निवासी बलौदाबाजार, गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में गहरी चोट लगने की वजह हेलमेट का न होना बताया जा रहा है। वहीं दूसरी बाइक पर सवार युवक भी घायल हुआ है। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल जिला अस्पताल बलौदाबाजार पहुंचाया गया, जहां एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद शहरवासियों में तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों को लेकर नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने नगर पालिका मार्ग जैसे व्यस्त इलाके में गति सीमा लागू करने, स्पीड ब्रेकर लगाने और नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



