Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

तेज बारिश और ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली से युवक झुलसा; महुआ-आम की फसल को नुकसान

Follow Us on Our Social Media

गरियाबंद। जिले सहित छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ। गरियाबंद, धमतरी, सरगुजा और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे महुआ और आम की फसल प्रभावित हुई है।

इसी दौरान गरियाबंद जिले के सीनापाली गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक झुलस गया। जानकारी के मुताबिक सीनापाली निवासी 35 वर्षीय गोविंद पटेल इमली के पेड़ के नीचे खड़े होकर मोबाइल देख रहे थे।

तभी अचानक पेड़ पर बिजली गिर गई, जिससे उनकी पीठ का हिस्सा झुलस गया। बिजली गिरने से पेड़ का एक बड़ा हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से देवभोग के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

देवभोग अस्पताल के बीएमओ डॉ. प्रकाश साहू ने बताया कि युवक की पीठ का छोटा हिस्सा झुलसा है। प्राथमिक उपचार के बाद दवाइयां दी गई हैं और अंदरूनी चोटों की जांच की जा रही है।

वहीं जिले के छुरा तहसील के रुवाड और बाघमार इलाके में जमकर ओलावृष्टि हुई, जबकि गरियाबंद और देवभोग क्षेत्र में रुक-रुक कर तेज बारिश होती रही।

तेज हवाओं और ओलों के कारण महुआ और आम की फसल को काफी नुकसान हुआ है। अनुमान है कि करीब 30 प्रतिशत महुआ की फसल प्रभावित हुई है, वहीं आम के फल और मौर भी गिर गए हैं, जिससे बाजार में आम की आवक और कीमतों पर असर पड़ सकता है।

किसानों का कहना है कि अचानक मौसम बदलने और तेज हवाओं के कारण फसल को काफी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने भी बिजली गिरने और ओलावृष्टि की घटनाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button