Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसाछत्तीसगढ़
Trending

चक्काजाम से पहले प्रशासन की कार्रवाई: आश्रम अधीक्षक हटे, आंदोलन हुआ स्थगित

Follow Us on Our Social Media

तरुण नागेश मैनपुर/गरियाबंद

जिले के आदिवासी विकासखंड मैनपुर अंतर्गत बड़ेगोबरा बालक आश्रम में अध्ययनरत छात्र राघव मंडावी की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया था।

इस मामले में तत्कालीन अधीक्षक राकेश साहू के खिलाफ कार्रवाई, पीड़ित परिवार को मुआवजा और अधीक्षक दुर्गा प्रसाद यादव द्वारा कथित दुर्व्यवहार के विरोध में आदिवासी समाज एवं सर्व समाज द्वारा 7 अप्रैल को नेशनल हाईवे 130-सी पर चक्काजाम की चेतावनी दी गई थी।

आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन सक्रिय हुआ। सोमवार को एडिशनल एसपी धीरेन्द्र पटेल और अपर कलेक्टर पंकज डहरे मैनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों और पीड़ित परिवार के साथ बैठक कर उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आश्वासन दिया कि अधीक्षक राकेश साहू के खिलाफ विभागीय जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

इसी बीच सहायक आयुक्त आदिवासी विकास गरियाबंद द्वारा 6 अप्रैल 2026 को आदेश जारी कर दुर्गा प्रसाद यादव को दोनों आश्रमों के अधीक्षक पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया।

प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई और समझाइश के बाद 7 अप्रैल को प्रस्तावित चक्काजाम स्थगित कर दिया गया।


बैठक में जिला पंचायत सदस्य लोकेश्वरी नेताम, जनपद सदस्य सुकचंद ध्रुव, प्रताप मरकाम, नैनसिंग नेताम, अशोक ध्रुव, राधेश्याम, मंशाराम कुंजाम, भुनेश्वर ध्रुव, केसर ध्रुव, नकछेड़ा ध्रुव सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


जनपद सदस्य सुकचंद ध्रुव ने बताया कि प्रशासन द्वारा कार्रवाई के आश्वासन और अधीक्षक को हटाने के बाद आंदोलन को फिलहाल स्थगित किया गया है। उन्होंने कहा कि अब इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग भी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button