Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसाछत्तीसगढ़
Trending

खाद और डीजल संकट पर किसानों का अल्टीमेटम, 7 दिन में व्यवस्था नहीं हुई तो NH-130 पर आंदोलन

Follow Us on Our Social Media

गरियाबंद | मैनपुर। उदंती सीतानदी कोर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा फेडरेशन ने खाद, डीजल और पेट्रोल की कमी को लेकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। किसानों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मैनपुर को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई, तो 5 जून 2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130 पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

ग्राम सभा फेडरेशन द्वारा सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले किसान भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। धान, मक्का, दलहन और तिलहन जैसी फसलों की बुवाई के लिए आवश्यक खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। सहकारी समितियों और व्यापारियों द्वारा किसानों को सीमित मात्रा में खाद दिए जाने से खेती-किसानी प्रभावित हो रही है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कृषि कार्यों के लिए डीजल की कमी गंभीर समस्या बन चुकी है। ट्रैक्टर और अन्य कृषि उपकरणों के संचालन में दिक्कत आने से खेती का काम रुकने की स्थिति में पहुंच गया है। किसानों का आरोप है कि बढ़ती कीमतों और सीमित आपूर्ति ने ग्रामीण इलाकों में संकट और गहरा कर दिया है।

फेडरेशन ने प्रशासन से मांग की है कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाए तथा नजदीकी पेट्रोल पंपों के माध्यम से डीजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में साफ कहा गया है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो क्षेत्र के किसान सामूहिक रूप से सड़क पर उतरेंगे।

ग्राम सभा फेडरेशन के पदाधिकारियों के अनुसार, यह आंदोलन किसानों के हितों की रक्षा और कृषि व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए किया जाएगा। अब निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं कि किसानों की मांगों पर कितनी तेजी से निर्णय लिया जाता है।

Related Articles

Back to top button