Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसामहासमुंद

जमीन सौदे में 12.63 लाख की ठगी, दो के खिलाफ शिकायत

Follow Us on Our Social Media

कोमाखान /महासमुंद। जमीन बिक्री के नाम पर 12.63 लाख रुपये लेकर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए रायपुर निवासी डॉ. बुधनारायण पटेल ने महासमुंद जिले के कोमाखान थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में पटपरपाली निवासी भीखमचंद साहू और बकमा निवासी रेखराम बाग को आरोपी बताया गया है।

शिकायत के अनुसार, 5 अगस्त 2024 को भीखमचंद साहू ने पटपरपाली क्षेत्र में स्थित अपनी कृषि भूमि बताकर करीब 19 एकड़ जमीन का सौदा 70 लाख रुपये में तय किया था। इसके लिए डॉ. पटेल से ब्याना राशि के रूप में अलग-अलग किस्तों में चेक और नकद के जरिए कुल 11.85 लाख रुपये लिए गए। इसके अलावा बटांकन, ऋण पुस्तिका तथा अन्य खर्चों के नाम पर करीब 78 हजार रुपये भी लिए जाने का आरोप है।

डॉ. पटेल का आरोप है कि जमीन बिक्री के सौदे में रेखराम बाग ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी। बाद में बटांकन होने पर उन्हें जानकारी मिली कि भीखमचंद साहू के हिस्से में 19 एकड़ के बजाय केवल करीब 3 एकड़ जमीन ही आई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने उक्त 3 एकड़ जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए कहा, जिस पर सहमति जताने के बावजूद लगातार टालमटोल की जाती रही।

आरोप है कि बाद में उक्त जमीन भी बिना जानकारी दिए किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर रजिस्ट्री कर दी गई। जब शिकायतकर्ता ने अपने पैसे वापस मांगे तो कथित तौर पर राशि लौटाने से इनकार किया गया और विवाद करने तथा झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस से भीखमचंद साहू और रेखराम बाग के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में उचित कार्रवाई करने तथा अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button