Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसामहासमुंद

तेन्‍दुकोना में सरकारी शराब दुकान में नौकरी लगाने के नाम लाखों की ठगी, दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

Follow Us on Our Social Media

महासमुंद/तेन्दूकोना। सरकारी मदिरा दुकान में नौकरी लगाने का झांसा देकर बेरोजगार युवकों और उनके परिजनों से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। शिकायत जांच के बाद तेन्दूकोना थाना पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम नदी चरौदा निवासी राकेश कुमार चक्रधारी (31 वर्ष) ने सरकारी मदिरा दुकान में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी किए जाने की शिकायत कलेक्टर जनदर्शन में की थी। शिकायत पुलिस अधीक्षक महासमुंद के माध्यम से जांच के लिए चौकी बुंदेली पहुंची।

जांच के दौरान प्रार्थी, उसके परिजनों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। जांच में सामने आया कि डोमार तांडी (30 वर्ष), निवासी सुभाष नगर महासमुंद और अंकित कुमार चन्द्राकर (36 वर्ष), निवासी ग्राम खौली, थाना खरोरा, जिला रायपुर ने कथित रूप से एक राय होकर सरकारी मदिरा दुकान में नौकरी लगाने का झांसा दिया।

पुलिस जांच के मुताबिक, राकेश कुमार चक्रधारी की नौकरी लगाने के नाम पर उसके ससुर केशव राणा के मोबाइल नंबर से फोनपे के माध्यम से 1.20 लाख रुपये तथा राकेश के मोबाइल नंबर से गूगलपे के जरिए 20 हजार रुपये आरोपियों द्वारा लिए गए। इस तरह नौकरी लगाने के नाम पर कुल 1.40 लाख रुपये लिए जाने की बात सामने आई।

इसी तरह भूषण लाल चक्रधारी से उनके बेटे अमित कुमार चक्रधारी को सरकारी मदिरा दुकान में नौकरी लगाने के नाम पर कथित रूप से 90 हजार रुपये नकद लिए गए।

जांच में दोनों मामलों में कुल 2.30 लाख रुपये नौकरी लगाने के नाम पर लिए जाने और नौकरी नहीं मिलने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने राशि वापस मिलने की उम्मीद में तत्काल शिकायत नहीं की थी।

जांच के बाद पुलिस ने आरोपी डोमार तांडी और अंकित कुमार चन्द्राकर के खिलाफ धारा 318(4), 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस अब लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button